भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत खंजरपुर स्थित एक निजी हॉस्टल में उस समय हड़कंप मच गया, जब NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान श्रृष्टि सिंह उर्फ लाडो के रूप में हुई है, जो अररिया जिले की रहने वाली थी।
जानकारी के मुताबिक, छात्रा उसी दिन हॉस्टल में शिफ्ट हुई थी और महज तीन घंटे के भीतर यह घटना सामने आ गई। शिफ्टिंग के दौरान उसके माता-पिता भी मौजूद थे, जो उसे व्यवस्थित कर वापस घर लौट गए थे।
घटना का पता तब चला जब पास के कमरे में रहने वाली एक छात्रा ने दरवाजा नहीं खुलने पर संदेह जताया और शोर मचाया। इसके बाद हॉस्टल संचालक और अन्य लोग पहुंचे, जहां छात्रा का शव लटका हुआ मिला। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
बरारी थाना अध्यक्ष बिट्टू कमल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
प्रारंभिक जांच में छात्रा के मोबाइल से कुछ व्हाट्सएप चैट मिले हैं, जिन्हें पुलिस खंगाल रही है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं और हर एंगल से जांच जारी है। हॉस्टल संचालक और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। साथ ही, छात्रों की सुरक्षा और मानसिक स्थिति को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

0 टिप्पणियाँ